शिमला ओल्ड बस स्टैंड में यू टर्न एंट्री पर वीरवार को जिला प्रशासन ने हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की लोकल बसों को तो राहत दी पर निजी और लांग रूट बसों पर रोक को बरकरार रखा। एचआरटीसी प्रबंधन और उपायुक्त की बैठक में यह फैसला लिया गया है।
उपायुक्त दिनेश मल्होत्रा ने दलील दी कि यह व्यवस्था ट्रैफिक व्यवस्था और जाम से राहत के लिए लागू की है। उन्होंने कहा कि लांग रूट बसों और निजी बसों को ओल्ड बस स्टैंड में एंट्री के लिए बैम्लोई आना होगा। यहां से ड्राइवर बस को मोड़कर बस स्टैंड में एंट्री कर सकेंगे।
उधर, ओल्ड बस स्टैंड में यू टर्न पर रोक लगाने का एचआरटीसी प्रबंधन ने कड़ा विरोध किया। निगम का दावा है कि इस व्यवस्था से यात्रियों की सुरक्षा भी खतरे में हैं। यात्रियों को बस अड्डे पर न उतारकर मुख्य सड़क पर उतारना हादसे को न्योता देना है।
आम जनता को भी इससे परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। परिवहन निगम के मंडलीय प्रबंधक अनिल सेन ने इस व्यवस्था को अव्यवहारिक और आम सवारियों को परेशान करने वाला बताया था। इस फैसले को निरस्त करने के लिए उपायुक्त से आग्रह किया था।
शटल, लाल बसें जाएंगी बैम्लोई
नए आदेशों के मुताबिक आईएसबीटी और पुराने बस अड्डे के बीच चलने वाली हरे रंग की बसें, परिवहन निगम की लाल बसें, निजी लोकल बसें, बैम्लोई में ही मुड़ेंगी। वहीं, परिवहन निगम के दो नंबर डिपो की 37 सीटर बसें पुराने बस अड्डे में यू टर्न लेकर अंदर जा सकती हैं। निगम के अन्य डिपो की बसें बैम्लोई से मुड़कर ही आएंगी।