पूर्व मंत्री रमेश ध्वाला ने भाजपा की जीत पक्की करने के लिए अभी से प्रत्याशी तय करने की सलाह देकर पार्टी के भीतर फिर से नई हलचल पैदा कर रही है। ध्वाला का यह बयान सोशल मीडिया पर भी खासा वायरल हो रहा है। जयराम मंत्रिमंडल में ज्वालामुखी के वरिष्ठ विधायक रमेश चंद ध्वाला को स्थान नहीं मिल पाया था। हालांकि सरकार ने उन्हें कैबिनेट स्तर के पद पर राज्य योजना बोर्ड में नियुक्ति दी। इसके बावजूद ध्वाला बार-बार अलग-अलग परिस्थितियों में कई मामलों में अपनी नाराजगी जाहिर करते रहते हैं।
कई बार सरकार और संगठन को ऐसी सलाह भी दे जाते हैं, जिस पर वरिष्ठ भाजपा नेता भी अपनी प्रतिक्रिया देने से बचते रहते हैं। अब भाजपा विधायक का यह नया बयान भी भाजपा की नई परेशानी बन गया है। ज्वालामुखी के भाजपा विधायक रमेश ध्वाला का सोशल मीडिया पर एक बयान खूब वायरल है, जिसमेें उन्होंने कहा है कि जो प्रत्याशी दिए गए हैं, हो सकता है कि उन्हें उम्मीदवार बनाने की बात जनता के गले में नहीं उतरी है, उनको वे प्रत्याशी अच्छे न लगे हों। भाजपा को चुनाव तो जीतने ही हैं।
ऐसे में प्रत्याशी आज से घोषित होने चाहिए। इससे वे गांव में जाएंगे और लोगों की समस्याएं सुनेंगे। विकास में जहां-जहां कोई कमी है, उसे दूर कर विकास कार्य होने चाहिए। पार्टी के संगठन में भी कमियां रही हैं। ऐसी कमियां रही हैं कि जिन लोगों ने काम किया, उनको दरकिनार कर औरों को टिकट दिया। इन बातों की अगर समीक्षा होगी तो अच्छा होगा। गांव में जिनका रसूख है और जिनकी पैठ है, उन्हें आगे करना चाहिए। ऐसा नहीं हो सकता है कि ऊपर से किसी प्रत्याशी को चुनाव लड़ाया जाए, तो उसे लोग स्वीकार नहीं करते हैं।
कैबिनेट के बाद मुख्यमंत्री से मिले ध्वाला
बुधवार को भाजपा विधायक रमेश ध्वाला मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से भी मिले। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से अपने क्षेत्र में विभिन्न विकासात्मक कार्यों के शिलान्यास और उद्घाटन के लिए वक्त मांगा। ध्वाला ने कहा कि हालांकि अभी मुख्यमंत्री का कार्यक्रम तय नहीं हुआ है। वह चाहते हैं कि काफी वक्त हो गया है तो ऐसे में उनके क्षेत्र में सीएम का दौरा होना चाहिए।