बिलासपुर जिले के घुमारवीं के डुमैहर गांव में पानी के टैंक में डूबने से एक महिला की मौत हो गई है। टैंक में गिरे मोबाइल फोन को निकालने के चक्कर में महिला की जान चली गई। महिला टैंक से मोबाइल निकालने का प्रयास कर रही थी कि गिर कर डूब गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है।
पुलिस के अनुसार शनिवार दोपहर लगभग दो बजे डुमैहर गांव की कल्पना देवी पत्नी अमित कुमार घर पर ही थी। उसकी सास पशुओं को चारा लाने के लिए खेत गई थी। कुछ दिन पहले उसका मोबाइल टैंक में गिर गया था। जिसे निकालने के लिए महिला सीढ़ी लगाकर टैंक में उतरने लगी और किसी औजार से उसे निकालने का प्रयास करने लगी। अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह टैंक में गिर गई।
इस वजह से पानी के बीच दम घुट जाने से उसकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घर पर कल्पना देवी (26) और उसकी डेढ़ साल की बेटी मौजूद थी। बच्ची काफी देर से रो रही थी। पड़ोसियों ने उसके रोने की आवाज सुनी तो वह टैंक की ओर आए। लेकिन, तब तक देर हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही भराड़ी थाना से पुलिस का दल एएसआई लवकेश की अगुवाई में मौके पर पहुंच गया। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह हादसा प्रतीत हो रहा है। फिर भी पुलिस तमाम पहलुओं को मद्देनजर रखते हुए छानबीन कर रही है।