सोलन के बद्दी के वार्ड नंबर चार में एक सिलेंडर के ब्लास्ट होने के बाद मकान ध्वस्त हो गया। मकान में सोए हुए दंपति व उनकी 11 माह का बच्ची दब गई। काफी मशक्कत के बाद उन्हें मलबा से निकाला गया। उन्हें उपचार के लिए बद्दी सीएचसी पहुंचाया गया लेकिन हालत नाजुक होने पर बद्दी से पीजीआई रेफर कर दिया गया। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक यह हादसा देर रात्रि का है। बिहार के समस्तिपुर जिले के मुरादपुर गांव का रहने वाला मनीष उर्फ भोला वार्ड नंबर चार में सीताराम के मकान में रहता था। वह साथ ही कंपनी में कार्य करता था। शाम को वह खाने खाने के बाद सो गए। अचानक गैस सिलेंडर ब्लास्ट हुआ जिसके तेज धमाके के साथ मकान की छत गिर गई। छत के नीचे तीनों दब गए।
शोर सुन कर पूरा गांव एकत्रित हो गया और सभी मलबा हटाने में जुट गए। इस बीच फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंच गई और राहत कार्य में जुट गई। प्रवासी कामगार की पत्नी पूजा व बच्चे को जल्द ही निकाल लिया है लेकिन मनीष आधे घंटे तक मलबे के नीचे दबा रहा। किसी तरह से लोगों ने टूटा हुआ लैंटर हटा कर उसे मलबे के नीचे से हटाया।
जख्मी हालत में तीनों को बद्दी सीएचसी पहुंचाया गया लेकिन वहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया गया है। उधर, फायर ऑफिसर किशोर कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही रात को मौके पर पहुंचे लेकिन मौके पर सिलेंडर नहीं मिला। इस हादसे के करीब छह लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हो गया है। घायलों को 108 एबुलेंस से बद्दी पहुंचाया गया। उधर, एसपी बिशेर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।