शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने बताया कि एक शैक्षणिक सत्र के दौरान 52 छुट्टियां दी जाती हैं। विभागीय अधिकारियों से चर्चा करने के बाद इन छुट्टियों को समाप्त करते हुए 12 जुलाई तक स्कूल-कॉलेजों में छुट्टियां की जा रही हैं। इसके बाद केंद्र सरकार के आदेशानुसार शिक्षण संस्थान 31 जुलाई तक बंद रखे जाएंगे।
13 जुलाई से दोबारा से ऑनलाइन माध्यमों में पढ़ाई शुरू करवाई जाएगी। शिक्षा मंत्री ने बताया कि ऑनलाइन पढ़ाई का कंटेंट तैयार करने के लिए सौ से अधिक शिक्षकों की टीम काम कर रही है। 13 जुलाई को पढ़ाई करवाने के विभिन्न तरीकों को लेकर दिशा निर्देश जारी किए जाएंगे। शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने बताया कि देश में हिमाचल एकमात्र ऐसा राज्य है, जो बिना परीक्षाएं लिए विद्यार्थियों को प्रमोट नहीं करेगा।
यूनियन का यू टर्न, प्रदेश में नहीं दौड़ेंगी निजी बसें
हिमाचल में निजी बसें चलाने को लेकर बस ऑपरेटरों ने फिर पलटी मार ली है। अब यूनियन अपने पुराने निर्णय पर ही आ गई है। निजी बस ऑपरेटर यूनियन ने एलान किया है कि एक जुलाई बुधवार से प्रदेश में बसें नहीं चलाई जाएंगी। हालांकि, निजी ऑपरेटर यूनियन ने पहले यह निर्णय लिया था कि जो ऑपरेटर बसें चलना चाहते हैं, वे खुद निर्णय लेकर बसें चला सकते हैं।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि रोहतांग सुरंग का निर्माण कार्य पूरा होने वाला है। कुछ महीनों में इसे राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। मंडी संसदीय क्षेत्र की वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि मंडी जिले में चिकित्सा विश्वविद्यालय का निर्माण किया गया है और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शिवधाम का निर्माण कार्य प्रगति पर है। रैली में केंद्रीय रेल, कोयला और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल भी मौजूद रहे।
सीएम ने कहा कि केंद्र बीबीएन में बल्क ड्रग फार्मा पार्क स्थापित करने की सरकार की मांग पर विचार करेगा। बीबीएन इस पार्क के निर्माण के लिए उपयुक्त बताया जा रहा है। यहां सर्वाधिक दवाओं का उत्पादन होता है। केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार प्रदेश का चहुंमुखी विकास कर रही है। केंद्रीय सरकार राज्य की विकासात्मक मांगों पर संवेदनशील है। उन्होंने कोविड-19 महामारी को प्रभावी रूप से रोकने के लिए मुख्यमंत्री के प्रयासों की भी सराहना की।
कहा कि कोरोना को रोकने के लिए हिमाचल मॉडल को देशभर में सराहा गया है। केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट मामले राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर, मंडी के सांसद रामस्वरूप शर्मा, वन मंत्री गोविंद ठाकुर, कृषि मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा, विधायक राकेश जम्वाल, कर्नल इंद्र सिंह, विनोद कुमार, जवाहर ठाकुर, हीरा लाल, इंद्र सिंह गांधी, किशोरी लाल, सुरेंद्र शौरी व प्रकाश राणा के अलावा संगठन सचिव पवन राणा, महासचिव राज्य भाजपा त्रिलोक जम्वाल, उपाध्यक्ष राज्य वन निगम सूरत नेगी, अध्यक्ष मंडी जिला भाजपा रणवीर, अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा राजबली भी उपस्थित रहे।