दिनदहाड़े घर का कुंडा उखाड़कर दिया वारदात को अंजाम
विज्ञापन
पुलिस ने मौके से जुटाए साक्ष्य, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी शिमला के साथ लगते मज्याठ वार्ड के दिव्यनगर क्षेत्र में वीरवार दोपहर दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। शातिर घर में घुसकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चुराकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
पुलिस ने सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई है। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस को दी शिकायत में मकान मालिक परसराम बताया कि वह वीरवार को वह हर रोज की तरह सुबह ड्यूटी पर गए थे जबकि उनकी मां घर की ऊपरी मंजिल वाले हिस्से में ताला लगाकर बाहर गईं थीं। इस दौरान चोर घर के मुख्य दरवाजे का कुंडा निकालकर घर में दाखिल हुए। बताया जा रहा है कि चोर घर के भीतर पहुंचने के बाद एक कमरे में घुस गए और अंदर से कुंडी लगा दी। इसके बाद चोरों ने अलमारी को खंगाला। इस दौरान चोरों ने अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण, एक हीरे की अंगूठी और करीब 10,000 रुपये की नकदी चुरा ली है।
परिवार के सदस्य जब घर लौटे तो उन्होंने दरवाजे का कुंडा उखड़े हुआ देखा। इसके बाद उन्होंने मामले की सूचना जतोग पुलिस चौकी को दी। परसराम ने बताया कि इस वारदात से परिवार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। चिंता की बात यह है कि इससे पहले भी क्षेत्र में कई चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कई घरों में चोरी के प्रयास के मामले भी सामने आए हैं। इसको देखते हुए क्षेत्र के लोगों ने पुलिस ने चोरी करने वाले आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू की छानबीन कर रही है।