क्रिप्टोकरेंसी ठगी मामले में पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने बुधवार को हमीरपुर से एक और आरोपी विजय कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी जिले के बड़सर उपमंडल की पंचायत बलह बिहाल का रहने वाला है और वह सोलन के बद्दी में मार्केटिंग का काम करता है। एसआईटी अब तक 19 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। विजय पर आरोप है कि उसने क्रिप्टोकरेंसी के नाम पर कई लोगों से निवेश करवाया, लेकिन लोगों को उनकी जमापूंजी वापस नहीं नहीं मिल रही। शिकायतकर्ताओं ने विजय के खिलाफ एसआईटी के पास शिकायत दी थी।
शिकायत मिलने पर एसआईटी ने जांच की और आरोपी को गिरफ्तार कर शिमला ले गई। हमीरपुर में सैकड़ों लोगों का पैसा क्रिप्टोकरेंसी में फंसा हुआ है। एसआईटी ने गत दिवस भी हमीरपुर से एक महिला कांस्टेबल समेत पांच लोगों को इस मामले में गिरफ्तार किया है। यह पांचों पुलिस रिमांड पर चल रहे हैं। हमीरपुर जिले से विजय कुमार के रूप में छठी गिरफ्तारी है।
आने वाले समय में कुछ और लोगों की गिरफ्तारियां हो सकती हैं, क्योंकि एसआईटी यहां 25 एजेंटों के ठिकानों पर बीते सप्ताह दबिश दे चुकी है। कई एजेंटों के रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। हमीरपुर जिले से सबसे अधिक गिरफ्तारियां होने के कयास लगाए जा रहे हैं, क्योंकि बताया जा रहा है कि हमीरपुर में सबसे अधिक लोगों ने क्रिप्टोकरेंसी में निवेश किया है। उधर, डीएसपी बड़सर लालमन शर्मा ने बताया कि एसआईटी ने बड़सर से क्रिप्टोकरेंसी ठगी मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा आरोपी
आरोपी विजय को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। बुधवार को एसआईटी ने उसे शिमला जिला अदालत में पेश किया था। वहीं, पुलिस रिमांड पर चल रहे 8 आरोपी वीरवार को कोर्ट में पेश किए जाएंगे।