सीआरपीएफ के जवान समेत दो नदी में डूबे
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में सीआरपीएफ के जवान समेत दो व्यक्ति डूब गए। इनमें से एक का शव बरामद कर लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। धर्मपुर के कांढापत्तन में ब्यास नदी में डूबे सीआरपीएफ जवान का अभी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। सीआरपीएफ जवान पवन कुमार (36) पुत्र गिरधारी लाल, निवासी बनेहरढ़ी, धर्मपुर सोमवार दोपहर करीब तीन बजे अपने साथी के साथ स्कूटर पर ससुराल में पत्नी को लाने नेरी कोटला गांव जा रहा था।
कांढापत्तन पुल के समीप पहुंचने पर दोनों शौच के लिए ब्यास नदी के किनारे गए। यहां जवान का पांव फिसला और वह नदी में गिर गया। साथी ने शोर मचाया और पवन कुमार के
परिजनों से संपर्क साधा। घटना की सूचना मिलने पर धर्मपुर पुलिस दल भी मौके पर पहुंचा। स्थानीय लोगों के साथ जवान की तलाश की। सोमवार देर सायं तक जवान का कोई सुराग नहीं लग पाया। प्रशासन ने जवान की तलाश के लिए गोताखोर की टीम को बुला लिया है, जो मंगलवार सुबह तक धर्मपुर पहुंचेगी। एसडीएम धर्मपुर सुनील वर्मा ने कहा कि जवान की तलाश के लिए गोताखोर की टीम बुलाई है। उधर नाचन क्षेत्र में शादी समारोह में भाग लेने जा रहे एक युवक की खड्ड में डूबने से मौत हो गई।
युवक की पहचान लीलाधर (18) पुत्र खेम चंद निवासी दारण, तहसील चच्योट के रूप में हुई है। लीलाधर नांडी गांव में शादी में शिरकत करने जा रहा था। लीलाधर सोमवार सायं करीब छह बजे नांडी गांव में शादी में भाग लेने जा रहा था। वह रास्ते में पड़ती ज्यूणी खड्ड को पार कर रहा था कि उसका पैर फिसल गया। संतुलन बिगड़ने से वह खड्ड में गिर गया और बहाव में बहकर गहरे पानी में डूब गया। युवक को डूबता देख साथ चल रहे ग्रामीणों ने उसे बचाने की कोशिश की। काफी देर के बाद उसे निकाल कर गोहर अस्पताल में पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसएचओ गोहर सूरम सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामला दर्ज कर घटना की छानबीन की जा रही है। पुलिस अधीक्षक मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने मामले की पुष्टि की है।