सुंदरनगर से भाजपा विधायक राकेश जंवाल ने कहा कि कानून-व्यवस्था पर उंगली उठाने वाले कांग्रेस के लोगों को यह मालूम नहीं है कि उनके कार्यकाल में गुड़िया प्रकरण में पुलिस जेल में चली गई। पूर्व सरकार ने बदला बदली की भावना से काम करती रही।
कांग्रेस विधायक राजेंद्र राणा ने चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि सत्ता पक्ष के एक साथी यह कह रहे थे कि कांग्रेस में लड़ाई हो रही है। कांग्रेस में नहीं, भाजपा में भी जमकर लड़ाई होती रही है। इस बीच विधायक राकेश सिंघा ने स्पष्ट किया कि गुड़िया केस को लेकर किसी विधायक ने उनका नाम लिया है।
उन्होंने कहा कि इस केस में कई मासूम जेल में हैं। विधायक आशीष बुटेल ने कहा कि प्रदेश में एक साल में एक हजार आपराधिक मामले दर्ज हुए। जनमंच एक समस्या को सुलझाने की कीमत चार हजार रुपए पड़ रही है।
सुरेश शौरी ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के प्रयास कर रहे हैं। राकेश जंवाल ने कहा कि पूर्व सरकार के पास सड़कों की डीपीआर बनाने को पैसे नहीं थे। केंद्र सरकार ने डीपीआर को भी राशि दी। सुरेश कश्यप, कमलेश कुमारी, लखविंद्र राणा, बलबीर वर्मा, राजेंद्र गर्ग, राजेश ठाकुर, सुखराम और मोहन लाल बरागटा ने भी चर्चा में हिस्सा लिया।