इस चेतावनी को देखते हुए राज्य सरकार ने भी अलर्ट जारी कर दिया है। उधर, राजधानी शिमला में बुधवार को दिन भर मौसम साफ रहा। धूप खिलने से अधिकतम तापमान में दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई। रोहतांग दर्रा में बुधवार को दूसरे दिन भी बर्फबारी को दौर जारी रहा।
रोहतांग दर्रा में 15 और सोलंगनाला में 5 सेंटीमीटर बर्फ रिकॉर्ड की गई। नेशनल विंटर गेम्स का समापन भी बर्फबारी के बीच हुआ। इसके अलावा कुल्लू और लाहौल की ऊंची चोटियों पर भी बर्फबारी हुई। पहाड़ों में दो दिनों से बर्फबारी होने से घाटी के निचले इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
जिला चंबा के कबायली क्षेत्र भरमौर-पांगी की ऊपरी चोटियों सहित तहसील मुख्यालय में भी दस इंच तक बर्फबारी हुई। किहार सेक्टर के तहत धार मंदराला, गढ माता, चोंडी की घोड़ी, वन का गोठ, फैजाल, सौंणतीथ, मराली धार, सिप्पीधार में छह इंच तक ताजा हिमपात हुआ। जनजातीय क्षेत्र भरमौर की ऊपरी चोटियों मणिमहेश, काली छौ, कुगति, चौबिया, सुप्पा, बडग्रां, तुंदाह, उलांसा, स्वाई, चन्हौता, कवारसी, भटौर, जालसू में दस इंच बर्फबारी रिकॉर्ड हुई।
पांगी सेक्टर के तहत ऊपरी चोटियों हुडान भटोरी, चस्क भटोरी, हिलुटवान में आधा फीट तक बर्फबारी हुई। धौलाधार की पहाड़ियों पर भी बर्फबारी हुई। उधर, कांगड़ा, हमीरपुर और बिलासपुर में बुधवार को दिन भर रुक-रुक कर बूंदाबांदी होने का दौर चला। मंगलवार रात को प्रदेश के न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई।
weather Rain Cloud Shimla
केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 9.8, कल्पा में माइनस 3.2, कुफरी में 1.8, डलहौजी में 2.3, मनाली में 2.6, शिमला में 5.7, धर्मशाला में 6.2, ऊना में 7.8 और कांगड़ा में 10.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। बुधवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज हुई। ऊना में अधिकतम तापमान 22.0, सोलन में 20.0, सुंदरनगर में 19.9, बिलासपुर में 18.8, कांगड़ा-हमीरपुर में 18.5, चंबा में 16.2, शिमला में 16.0, धर्मशाला में 10.6 और केलांग में शून्य डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।