24 साल के एक युवक ने अपने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस को इसके कमरे से सुसाइड नोट मिला है जिसमें यह अपना आखिरी मैसेज लिख गया था। यह सनसनीखेज मामला हिमाचल के शिमला का है।
यहां थाना बालूगंज के तहत टूटीकंडी एजी कॉलोनी में शुक्रवार को एक 24 वर्षीय युवक फंदे से लटका हुआ मिला। कमरे में एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे युवक ने अपने माता-पिता के नाम लिखा था। इसमें उसने अपनी मर्जी से खुदकुशी करने की बात लिखी है।
युवक भडरोग, घुमारवीं जिला बिलासपुर का रहने वाला है। वह शिमला में एसएसबी में चालक के पद पर कार्यरत अपने पिता हुक्म चंद के साथ रहता है। पुलिस ने घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी पहुंचाया।
सुसाइड नोट में ये सब लिख गया युवक
सुसाइड नोट में लिखा है कि सॉरी मम्मी पापा मैं लाइफ से बोर हो गया हूं, मैं भगवान के पास जा रहा हूं, आत्मा न मरती है न जीती है, मेरे मरने के बाद रोना मत... रोना मत। मृतक युवक के पिता हुक्म चंद जब शाम करीब साढ़े पांच बजे अपने सरकारी आवास पहुंचे।
देखा तो बेटा कमरे में कमीज से बने फंदे में लटका हुआ था। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस फिलहाल इसे खुदकुशी का मामला मान कर ही चल रही है। पुलिस ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक युवक बारहवीं पास था।
वह पिछले करीब पांच से सात सालों से मानसिक रूप से परेशान रहता था। पुलिस इस घटना को लेकर पिता और पड़ोसियों से भी पूछताछ कर रही है।