एक बुजुर्ग महिला ने बहू के खिलाफ मारपीट करने की शिकयत दर्ज करवाई है। मामला हिमाचल के कंगड़ा जिले का है। मानव अधिकार मंच (रजि.) की इंदौरा ब्लॉक इर्काई के माध्यम से पुलिस को सौंपे एक शिकायत पत्र में पीड़िता तेलया बीबी पत्नी अब्दुल रशीद निवासी गांव गंगथ तहसील नूरपुर ने कहा कि वह अपने घर में को खाना बना रही थी तो इसी बीच उसकी बहू जो कि करीब तीन साल से अपने पति से अलग रह रही है घर में आई और उसके साथ गाली-गलौज करना शुरू कर दिया।
उसने अपनी बहू शारदा को गाली-गलौज करने से मना किया तो उसने गुस्से में आकर चूल्हे पर रखा गर्म तबा उठाकर मुंह पर मार दिया। तबे के ताव से उसकी आंख, बाजू और पसली जल गई हैं। इतना ही नहीं, जब उसकी बहू ने उस पर तबे से हमला किया तो उसका दूसरा बेटा ईद मोहम्मद और उसकी पत्नी कमलेश भी सामने देख रहे थे।
मानव अधिकार मंच ने दी चेतावनी
पीड़िता के मुताबिक उसने इस मामले की शिकायत गंगथ पुलिस चौकी में की थी। इसके बाद पुलिस ने बाकायदा उसका मेडिकल भी करवाया, लेकिन उसकी बहू के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। इसके चलते उसने सोमवार को मानव अधिकार मंच के माध्यम से चौकी प्रभारी गंगथ को एक शिकायत पत्र सौंपा है।
उधर, मानव अधिकार मंच के पदाधिकारियों केएस कलोत्रा, एमआर कलोत्रा, मनोज कुमार और सुभाष सेठी ने गंगथ पुलिस से बुजुर्ग महिला की पिटाई करने के मामले में आरोपी बहू के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने चेताया कि अगर एक सप्ताह के अंदर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो मानव अधिकार मंच को अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ेगा। वहीं, नूरपुर थाने के एसएचओ मेघनाथ चौहान ने बताया कि इस मामले की छानबीन के बाद उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।