अपनी सास के साथ हुई छोटी सी बहस के बाद एक महिला ने सुसाइड करने की तैयारी कर ली। इसने अपने ही घर में फंदा लगा दिया। मगर इसकी भनक ससुर को लग गई। वह मौके पर पहुंचा और इसे नीचे उतार दिया।
मगर इसकी हालत काफी खराब हो चुकी थी जिसके बाद इसे अस्पताल पहुंचाया गया। मामला हिमाचल के जिला मंडी की स्यांज पंचायत का है। यहां एक महिला ने घर में मामूली कहासुनी पर अपने ही घर में फंदा लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया।
मौके पर अचानक पहुंचने पर ससुर ने अपनी बहु को बचाया। महिला को मंडी जोनल अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती किया गया है।
बयान नहीं दे पा रही महिला
पुलिस के अनुसार स्यांज क्षेत्र की इस महिला ने घर में अपनी सास से मामूली कहासुनी पर तैश में आकर घर के कमरे में फंदा लगा दिया। महिला फंदे पर लटक गई थी। मगर अचानक उसका ससुर वहां पहुंच गया।
उसने तुरंत अपनी बहु को फंदे से उतार दिया। गंभीर हालत में उसे मंडी जोनल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसका उपचार जारी है। महिला बयान देने की हालत में नहीं है। पुलिस ने महिला के घर वालों के बयान कलमबद्ध कर लिए हैं।
एसपी मंडी मोहित चावला घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।
इधर, मजदूर ने निगला जहर
वहीं, चैलचौक के एक शिक्षण संस्थान में झारखंड से आए एक प्रवासी मजदूर ने दिन भर शराब गटकने के बाद शाम को किसी जहरीली दवा का सेवन कर लिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए चैलचौक के अस्पताल में भर्ती किया गया।
जहां से उसे मंडी रेफर किया गया। पुलिस के अनुसार दिन भर शराब पीने के बाद शाम को मजदूर आपे से बाहर हो गया। उसने अपनी जेब में रखी कोई जहरीला चीज निगल ली। इससे उसकी हालत गंभीर हो गई।
हालत खराब होने पर उसके सहयोगियों ने उसे चैलचौक के एक अस्पताल में भर्ती किया। जहां से उसे मंडी रेफर किया गया। एसपी मंडी मोहित चावला ने बताया कि मजदूर की हालत खतरे से बाहर है। उन्होंने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है।