देहरादून-पांवटा से कालाअंब एनएच-7 पर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ जिसमें एक कार ट्रक से जा टकराई। हादसे में कार सवार एक महिला की मौत हो गई जबकि एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए हैं।
प्राथमिक उपचार के बाद एसआई उत्तराखंड पुलिस की हालत गंभीर होने पर परिजन देहरादून ले गए हैं। माजरा पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है। उत्तराखंड पुलिस में बतौर एसआई तैनात संतोष कुमार शाह(54) पुत्र मनोहर लाल शाह उनकी पत्नी अमीता शाह (49), बेटी स्वप्निल (21) व अदिति (18) कार में सवार थीं।
कार अचानक ही बेहड़ेवाला पहुंचते ही अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा टकराई। इसमें अमिता शाह (49) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में संतोष शाह गंभीर रुप से घायल हैं। सड़क हादसे में दोनों बेटियों को भी चोटें लगी हैं।
घायलों को सिविल अस्पताल पांवटा पहुंचाया गया। डॉ. एके सिंह ने बताया कि महिला की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी। संतोष शाह, उनकी बड़ी बेटी स्वप्निल को नाहन रेफर किया गया है।
परिजन घायलों को देहरादून अस्पताल लेकर गए हैं। उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने पुष्टि की है। एनएच-7 पर हुए हादसे में एक महिला की मौत हो गई है। हादसे के घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद परिजन आगामी उपचार के लिए देहरादून लेकर गए हैं।