प्रदेश के जिला मंडी की रीसा पंचायत के बड़रेसा गांव में 24 वर्षीय विवाहिता का शव संदिग्ध हालत में घर की दूसरी मंजिल की छत पर लटका मिला है। मंगलवार देर शाम मेला देखकर वापस लौटे पति ने इसकी सूचना पंचायत प्रधान, पुलिस और अपने ससुराल को दी। पुलिस प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या मान रही है जबकि मृतका के परिजन हत्या का अंदेशा जाहिर करते हुए पति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस मामले में 174 के तहत कार्रवाई कर रही है। मृतका का पति महेंद्र सिंह निवासी बड़रेसा दिल्ली में निजी कंपनी में कार्य करता है। इन दिनों वह छुट्टी पर घर आया हुआ है। उसकी पत्नी दो तीन दिन पहले अपने डेढ़ वर्षीय बेटे के साथ मायके गई हुई थी।
घटना से पहले ही वह वापस ससुराल लौटी थी। उधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल सरकाघाट में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। डीएसपी मदन धीमान ने बताया कि परिजनों ने हत्या का अंदेशा जताया है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।