पुलिस थाना भोरंज के अंतर्गत बस्सी कस्बे में पार्क कार को जला दिया गया है। कार पूरी तरह जलकर राख हो गई है। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गाड़ी मालिक बख्शी राम निवासी बस्सी ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उसने स्फिट डिजायर कार अपने रिश्तेदार के नाम पर पंजीकृत करवाई है। कार को उसका लड़का नवीन कुमार चलाता है। कार रोजाना उसके मेडिकल स्टोर बस्सी बाजार के बाहर पार्क रहती है।
शुक्रवार को बीरू राम निवासी छत्र, भोरंज शराब के नशे में धुत्त होकर उसे गलत कमेंट कर रहा था। आग लगाने की धमकियां भी दे रहा था। बीरू राम चालक है। शुक्रवार शाम को गाड़ी पार्क कर वे घर चले गए।
रात 12:20 बजे मेडिकल स्टोर के फार्मासिस्ट धर्मेंद्र का फोन आया कि दुकान के बाहर पार्क कार में आग लगी हुई है। वह तुरंत दुकान पर पहुंचा तो उसने देखा कि कार में आग लगी हुई थी। कार लगभग पूरी तरह जल चुकी थी।
इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। जब तक दमकल विभाग का वाहन मौके पर पहुंचता तब तक कार जल चुकी थी। बख्शी राम ने संदेह जताया है कि बीरू राम ने ही नशे में धुत्त होकर उसकी गाड़ी को आग लगाई है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर धारा 435, 506 के तहत मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर, थाना प्रभारी भोरंज ओम चंद का कहना है कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्जकर लिया है। आरोपी को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।