फरवरी 2015 में बिरोजा फैक्टरी नाहन में अकुशल श्रमिकों की भर्ती मामले में दो अधिकारियों को सरकार ने चार्जशीट कर दिया है। भर्ती के दौरान चयन कमेटी में शामिल कर्मियों के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई होने जा रही है। दो अधिकारियों और छह कर्मचारियों पर गाज गिरना तय है।
भर्ती प्रक्रिया में शामिल तीन कर्मचारी सेवानिवृत्त हो चुके हैं। सरकार ने जिन अधिकारियों को चार्जशीट किया गया है, उनमें तत्कालीन महाप्रबंधक के अलावा फैक्टरी मैनेजर शामिल हैं। यह दोनों अधिकारी उक्त भर्ती के लिए बनाई गई चयन कमेटी के मुख्य अधिकारी थे।
जबकि छह अन्य कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी अमल में लाई जा रही है। उधर, फॉरेस्ट कार्पोरेशन के प्रबंध निदेशक एसएस सुयाल ने बताया कि दो अधिकारियों को चार्जशीट कर दिया है। जबकि, भर्ती चयन प्रक्रिया में शामिल फैक्टरी के छह अन्य कर्मियों के खिलाफ विभाग चार्जशीट बना रहा है। विभाग कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाएगा।
यह था मामला- बिरोजा फैक्टरी नाहन में फरवरी 2015 में 22 अकुशल श्रमिकों की भर्ती की प्रक्रिया हुई थी। आरोप था कि फैक्टरी के पूर्व महाप्रबंधक और भर्ती कमेटी ने भर्ती के नियमों को दरकिनार किया। जो मापदंड भर्ती को लेकर रखे गए थे। उनका पालन नहीं किया गया।
शिकायतकर्ताओं ने आरटीआई से सूचना जुटाई। इसके बाद जब चयनित अभ्यर्थियों का फिर शारीरिक माप किया गया तो धांधली का पर्दाफाश हुआ था। विभाग ने दो अधिकारियों को चार्जशीट किया है। छह कर्मियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया जा रहा है।