चोरी की आरोप में हवालात में बंद एक युवक भाग खड़ा हुआ। पुलिस की टीम रात भर इसकी तलाश में दौड़ती रही। मामला कांगड़ा का है। यहां थाना हरिपुर की हवालात से सोमवार देर रात रिमांड पर चल रहा चोरी का आरोपी भाग खड़ा हुआ। हालांकि, पुलिस के सर्च ऑपरेशन के बाद आरोपी को पकड़ लिया, लेकिन हवालात की लोहे की रॉड को मोढ़कर भागे आरोपी ने पुलिस की देर रात खूब भागदौड़ करवाई।
जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात करीब 2:30 बजे पुलिस थाना हरिपुर की हवालात में बंद आरोपी ओम प्रकाश पुत्र चंद्रभान भागने में सफल हो गया। पुलिस के कर्मचारियों को इस बात का पता चला तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू कर दी। सर्च अभियान के दौरान निकटवर्ती क्षेत्र गुलेर में छुपकर बैठे आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।
डीएसपी देहरा रेणु शर्मा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने हवालात से भागे व्यक्ति पर हवालात से भागने के आरोप में एक और मामला दर्ज किया है। हरिपुर थाना से भागे आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
केबल चोरी के आरोप में पकड़ा था
आरोपी ओम प्रकाश पुत्र चंद्रभान को 26 सितंबर को नंदपुर भटोली से टेलीफोन केबल चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ा था। पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज किया था। आरोपी पुलिस रिमांड पर चल रहा था। इसी दौरान वह भाग गया और पकड़ा गया।
दोषी कर्मियों के खिलाफ होगी कार्रवाई : रेणु
डीएसपी देहरा रेणु शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया तीन पुलिस कर्मचारियों की लापरवाही पाई जा रही है। इस मामले में पूरी जांच की जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।