बताया जा रहा है कि वारदात के वक्त सरकारी निवास पर कोई नहीं था।
- फोटो : demo pics
हिमाचल के सुंदरनगर में बीएसएल कॉलोनी में मुख्य संसदीय सचिव (पंचायतीराज) के सुरक्षा कर्मी के सरकारी निवास पर चोरों ने सेंध लगाकर रिवाल्वर, नकदी और हजारों के गहने चुरा लिए। बताया जा रहा है कि वारदात के वक्त सरकारी निवास पर कोई नहीं था।
पीएसओ परिवार के साथ अपने किसी बीमार रिश्तेदार का हाल-चाल जानने सुंदरनगर गए थे। उधर, विभाग ने सरकारी रिवाल्वर चोरी होने के मामले में कड़ा संज्ञान लिया है। एसपी प्रेम कुमार ठाकुर ने बताया कि रिवाल्वर चोरी होने के मामले में पीएसओ के खिलाफ लापरवाही बरतने पर विभागीय जांच बैठा दी है।
डीएसपी हेडक्वार्टर हितेश लखनपाल को जांच सौंपी है। अगर जांच में कोताही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के मुताबिक मंगलवार रात को पीएसओ प्रकाश चंद के सरकारी आवास में कोई नहीं था।
चोरों ने घर से चोरी किया ये सारा सामान
चोरों ने कमरे का ताला तोड़ कर रिवाल्वर, करीब 80 हजार के आभूषण, नकदी और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया।
- फोटो : Demo pic
चोरों ने कमरे का ताला तोड़ कर रिवाल्वर, करीब 80 हजार के आभूषण, नकदी और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। बुधवार सुबह जब परिवार के लोग आवास पर पहुंचे तो कमरे का दरवाजा खुला देखकर हैरान रह गए।
कमरों में जाकर देखा तो सारा सामान इधर-उधर बिखरा था। चोरी की सूचना बीएसएल कॉलोनी पुलिस को दी गई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मुख्य संसदीय सचिव (पंचायतीराज) के सुरक्षा कर्मी प्रकाश चंद बीएसएल कॉलोनी स्थित सरकारी आवास में रहते थे।
मंगलवार रात रिश्तेदारी में किसी के बीमार होने पर प्रकाश परिवार सहित नागरिक अस्पताल सुंदरनगर में था। उधर, डीएसपी संजीव भाटिया ने बताया पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।