कुल्लू जिला के उप कारागार के दो कैदी जेल कर्मियों की लापरवाही से भागने में कामयाब हुए हैं। यह खुलासा एआईजी जेल की जांच में हुआ है।
रविवार को मामले की जांच पूरी कर दी गई। रिपोर्ट के अनुसार ड्यूटी पर तैनात करीब तीन कर्मियों पर गाज गिर सकती है। इनमें एक हेडकांस्टेबल, संतरी और वार्डर शामिल हो सकते हैं।
इसके अलावा जेल अधीक्षक के खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है। सोमवार को रिपोर्ट जेल प्रमुख को सौंप कर लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
कुल्लू पुलिस ने भी दर्ज की है एफआईआर
उधर, कुल्लू पुलिस ने भी जेल कर्मियों के खिलाफ लापरवाही को लेकर एफआईआर दर्ज की है। हालांकि अभी तक इसमें किसी को नामजद नहीं किया है।
17 अप्रैल को दिन दहाड़े फरारॉ मंडी निवासी रणजीत सिंह और नेपाली मूल के खल बहादुर की तलाश में पुलिस को फिलहाल कोई कामयाबी नहीं मिली है।
मामले की जांच कर रहे एआईजी अरविंद कुमार शर्मा ने बताया कि बड़ी लापरवाही के चलते दिन दहाड़े कैदी जेल से भागने में कामयाब हुए हैं। सोमवार को जेल प्रमुख की रिपोर्ट सौंपने के बाद लापरवाही के लिए जिम्मेवार जेल कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
सवाल! बिना सुरक्षाकर्मी कैसे भेजा बाहर
जांच में यह बात भी सामने आई है कि कैदियों को बिना किसी सुरक्षा के जेल परिसर से बाहर भेजा गया था। बताया जा रहा है कि दोनों कैदियों को जेल में खाना बनाने संबंधी कई जिम्मेवारियां सौंपी गई थी।
दोनों ने जेल कर्मियों का अपने कार्य और व्यवहार से विश्वास जीत लिया। जिस कारण उन्हें कई बार जेल के कार्यों से बिना सुरक्षा बाहर भेजने का खतरा मोल भी लिया गया।
इसी विश्वास के बूते वीरवार को भी बाहर भेजने की बात सामने आई है। इसके अलावा जांच में सिड़ी भी मिली है, लांकि जांच टीम को वह सिड़ी कैदियों के भागने वाली जगह पर नहीं मिली।