देवता के गुर की रहस्मयी परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। पहले पुलिस इसे हादसा समझ रही थी लेकिन अब कुछ ऐसे साक्ष्य मिले हैं कि पुलिस भी हैरान है।
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में देवता के गुर की रहस्मयी परिस्थितियों में हत्या हो गई है। पहले पुलिस इस मामले को हादसा समझ रही थी लेकिन जांच में कुछ ऐसे तथ्य सामने आए जिससे की यह पूरा मामला एक साजिश के तहत की गई हत्या में तब्दील हो गया है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने केस की जांच को आगे बढ़ाते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी एक ही गांव के रहने वाले हैं और शक जाहिर किया जा रहा है कि आपसी रंजिश के कारण व अन्य वजह से आरोपियों ने देवता के गुर को मौत के घाट उतार दिया।
गांव के आठ युवक गिरफ्तार
मोहिंद्र सिंह कश्यप (26) का शव बनूटी के नजदीक एक खड्ड किनारे मिला था। पहले पुलिस इसे हादसा मानकर चल रही थी लेकिन अब यह हादसा हत्या में तब्दील हो गया है।
गांव के ही कुछ लोगों पर युवक की हत्या का आरोप है। पुलिस को भी जांच में हत्या से जुड़े कुछ साक्ष्य मिले हैं। मृतक के परिजन पहले ही पूरे मामले को हत्या बता रहे थे।
पुलिस ने इस केस में मनोहर लाल, कर्म चंद, जगदीश, सुरेंद्र, शंकर लाल, रमेश, बिशन सिंह और गोपाल दत्त को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों को जिला कचहरी में पेश किया गया जहां पूछताछ और केस से जुड़े तथ्य जुटाने के लिए रिमांड दिया गया है।
अदालत ने सभी आरोपियों को 20 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश जारी किए हैं। हालांकि पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्या की पूरी गुत्थी को सुलझा लिया जाएगा।