तीन लोगों ने टैक्सीचालक को मौत के घाट उतार दिया। टैक्सी किराए पर लेकर तीनों चालक को सुनसान जगह पर ले गए और फिर गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया। यह सनसनीखेज मामला हिमाचल के कांगड़ा का है।
यहां गगल चौक से टैक्सी किराये पर लेकर तीन आरोपियों ने चालक का अपहरण करने के बाद उसकी हत्या कर दी और शव को जवाली के पास नाले में फेंक दिया। वहीं, टैक्सी का कोई पता नहीं चल पाया है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
उसके सिर के बाल कटे हुए थे। माथे तक चमड़ी अलग थी। गले पर मफलर बंधा हुआ था। गले में नीले रंग के निशान पड़े हुए थे। पुलिस ने अपहरण और हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। टैक्सी और आरोपियों का अभी तक कुछ भी पता नहीं चल पाया है।
मोबाइल लोकेशन के बाद मिला शव
हालांकि, गगल चौक पर सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को मदद मिल सकती है। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस को चालक का शव 32 मील में बुधवार को पुली के नीचे मिला। टैक्सी चालक विजय कुमार (34) पुत्र मदन लाल निवासी गुरदासपुर कई वर्षों से गगल चौक में टैक्सी चला रहा था। विजय गगल में अपने मामा के घर पर रहता था।
पुलिस के मुताबिक 14 जनवरी शाम करीब साढ़े 8 बजे गगल में तीन लोग उसके पास आए और पठानकोट की तरफ टैक्सी किराये पर ली। चालक टैक्सी में तीनों सवारियों को लेकर पठानकोट की तरफ चला गया। लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने रिश्तेदारों के घर भी उसको ढूंढा लेकिन कहीं कोई पता नहीं चला।
गला घोंटकर उतारा मौत के घाट
इसके बाद युवक के मामा विपिन कुमार ने 15 जनवरी को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस चौकी गगल में करवाई। अब मोबाइल लोकेशन के आधार पर कोटला में 32 मील के नजदीक पुली के नीचे बुधवार को युवक का शव मिला है।
उधर, डीएसपी जवाली धर्म चंद वर्मा ने बताया कि पुलिस ने आईपीसी की धारा 302, 382, 201, 34 आईपीसी के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया में मृतक के गले पर निशान हैं, इससे प्रतीत होता है कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई है।