स्कूल से सस्पेंड हुए मुख्याध्यापक ने परेशान होकर खौफनाक कदम उठा लिया। होटल में कमरा लेकर इसने ब्लेड से अपना गला काट दिया। ये सनसनीखेज मामला हिमाचल के जिला सोलन में सामने आया है। यहां ड्यूटी के समय अनियमितताओं के आरोप में सस्पेंड केंद्रीय मुख्याध्यापक ने ब्लेड से गला काटकर आत्महत्या कर ली।
शिक्षक ने सोलन के माल रोड पर स्थित एक होटल के कमरे में ब्लेड से अपना गला काटा। इसकी शिनाख्त नगेंद्र सिंह चौहान उम्र 45 वर्ष मूल रूप निवासी मकान नंबर 407, मियांवाला पीओ हरियावाला तहसील, जिला देहरादून के रूप में हुई है। मृतक सिरमौर के नैणीधार केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला से निलंबित हुआ था। यह बुधवार देर शाम ही सोलन पहुंचा था।
इसलिए किया गया था सस्पेंड
बस स्टैंड के करीब एक होटल में उसने कमरा किराए पर लिया। वीरवार सुबह अचानक खून से लथपथ कमरे से बाहर आया और रिस्पेशनिस्ट को कहा कि उसने अपना गला काट लिया है। होटल संचालकों ने पुलिस और 108 एंबुलेंस को मामले की सूचना दी। उसे गंभीर अवस्था में सोलन अस्पताल पहुंचाया गया जहां दोपहर बाद उसने दम तोड़ दिया।
एसपी सोलन डा. रमेश छाजटा ने इसकी पुष्टि की है। एसपी सोलन ने कहा कि करीब छह माह पहले औचक निरीक्षण के दौरान नगेंद्र स्कूल से गैर हाजिर पाया गया था। ड्यूटी में अनियमितताओं के आरोप में कार्रवाई करते हुए उपनिदेशक एलिमेंटरी ने उसे सस्पेंड कर दिया। उसके बाद कार्यवाहक सीएचटी की तैनाती नैणीधार स्कूल में कर दी गई।
मानसिक परेशानी में था शिक्षक
बताया जा रहा है कि शिक्षक मानसिक रूप से परेशान था। शराब के नशे में कई बार उसे स्थानीय बाजार में भी देखा गया। वहीं उसकी मिसिंग रिपोर्ट भी संबंधित थाना क्षेत्र में हो सकती है। फिलहाल इसकी जांच की जा रही है। स्कूल से भी इस बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
जेब में मिला इंक्वायरी का कागज
बताया जा रहा है कि इंक्वायरी संबंधी कुछ कागज मृतक की जेब से मिले हैं। जबकि कोई सुसाइड नोट मिलने से पुलिस इनकार कर रही है। लिहाजा चर्चा है कि इंक्वायरी से परेशान होकर शायद शिक्षक ने आत्महत्या की हो।