साल्वर और हाईटेक उपकरणों के सहारे पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा पास करवाने के मामले के मुख्य आरोपी बिक्रम चौधरी के बाद अब दूसरे मुख्य आरोपी केतन चौधरी ने भी शनिवार को एसपी कार्यालय में आत्मसमर्पण कर दिया। केतन (26) भी बिक्रम के ही जवाली तहसील के लुधियार गांव का रहने वाला है। केतन को भवारना पुलिस थाने ने हिरासत में ले लिया है।
मुख्य आरोपी बिक्रम ने पूछताछ में केतन समेत 10 आरोपियों के नाम पूछताछ में पुलिस को बताए थे। एसपी विमुक्त रंजन ने आरोपी केतन के आत्मसमर्पण की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि रविवार को आरोपी को पालमपुर कोर्ट में पेश किया जाएगा। बताया जा रहा है कि जमा दो तक पढ़ाई करने के बाद केतन ने कमाई का आसान जरिया अख्तियार कर लिया।
गौर हो कि 11 अगस्त 2019 को राधा स्वामी सत्संग ब्यास परौर में पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा के दौरान दूसरे अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा देते हुए साल्वर धरे गए थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भवारना थाने में मामला दर्ज किया था। फर्जीवाड़े के मुख्य आरोपी बिक्रम ने करीब पांच माह तक अंडरग्राउंड रहने के बाद 3 जनवरी, 2020 को एसपी कार्यालय में आत्मसमर्पण किया था।