फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खुद को पुलिस बताकर कारोबारी की स्कॉर्पियो लूट ले गए बदमाश

Thu, 22 Dec 2016 12:08 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
विज्ञापन
पुलिस बताकर परवाणू के पास तीन बदमाशों ने टुटू के कारोबारी की स्कॉर्पियो लूट ली। पहले उनके साथ मारपीट की और सुनसान जगह पर उन्हें फेंक कर फरार हो गए। यह वारदात रविवार रात की परवाणू बैरियर के नजदीक की बताई जा रही है। वारदात की जानकारी परवाणू पुलिस को दे दी गई है और पुलिस तफ्तीश करने की बात कह रही है। सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। फिलहाल, अब तक परवाणू पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की है। 
विज्ञापन


टुटू के रहने वाले अभिषेक गुप्ता का कहना है टुटू से चंडीगढ़ को जा रहा था। उसके साथ उसका कजन गौरव गुप्ता भी था। काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी एचपी 03 सी- 0300 में जा रहे थे। शिमला से करीब साढ़े आठ बजे चले। रात करीब ग्यारह बजे परवाणू बैरियर के पास पहुंचे और उससे दो मोड़ आगे गाड़ी रोक दी और शौच के लिए बाहर उतरे। 

जब वह गाड़ी में बैठने के लिए आए तो उस समय एक सफेद रंग की आई- 20 गाड़ी आई। इसमें से तीन लोग उतर कर स्कॉर्पियो में बैठ गए। एक व्यक्ति ड्राइवर सीट, दूसरा कंडक्टर साइड और तीसरा पिछली सीट पर बैठ गया। हम दोनों को भी पिछली सीट पर बैठा दिया। इसके बाद वह बोलने लगे कि वह पुलिस वाले हैं यहां पर क्या कर रहे हो, कुछ दिन पहले यहां रेप केस हुआ है। 
विज्ञापन


इसके बाद गाड़ी के दस्तावेज और ड्राइविंग लाइसेंस दिखाने के लिए कहा। दस्तावेज देखने के बाद आरोपियों ने कहा कि आप लोगों से पूछताछ होगी, इसके लिए थाने जाना होगा। उसके बाद वहां से चले जाना। इस दौरान आरोपी बात में उलझा कर गाड़ी को चंडी मंदिर मोरनी वाले मोड़ पर जंगल की ओर ले गए।

वहां उन्होंने मारपीट शुरू कर दी और उसके दो मोबाइल ले लिए, दूसरे लड़के का मोबाइल मांगा तो उसने छिपा दिया और कहा कि मेरे पास मोबाइल नहीं है। अभिषेक गुप्ता का आरोप है कि उन्होंने दोनों को बहुत पीटा और उससे भी आगे करीब 15-0 किलोमीटर तक ले गए। रास्ते में गाड़ी रोकी और तलाशी ली। इसके बाद सड़क पर लेटा दिया। अभिषेक का कहना है कि उसे अंदरूनी चोटें भी लगी हैं। इसके बाद आरोपी वहां से गाड़ी लेकर चलते बने। गाड़ी में मोबाइल, ड्राइविंग लाइसेंस, कपड़े , चैक बुक और पासबुक इत्यादि थे। 

बदमाशों के जाने के बाद कुछ देर तक झाड़ियों में रूके रहे इसके बाद वहां से पैदल चलना शुरू किया। वहां पर मोबाइल नेटवर्क नहीं था इसलिए 100 नंबर पर फोन नहीं हुआ। एक बार नेटवर्क आया और 100 नंबर पर फोन किया। वह नंबर आउट ऑफ सर्विस था। फिर मोबाइल में पांच फीसदी की बैटरी बची थी तो इसे स्विच ऑफ कर दिया। 

हमने आस पास के दो घरों से मदद मांगी लेकिन उन्होंने इंकार कर दिया। रास्ते में होमगार्ड वाले मिले, उन्हें सारी बात बताई और मदद मांगी। फिर उन्होंने पुलिस को फोन किया और पिंजौर पुलिस वाले आए उन्होंने तहकीकात शुरू की । इसके बाद पिंजौर पुलिस ने कहा कि यह इलाका उनका नहीं है इसके लिए परवाणू थाना जाना पड़ेगा और वहां छोड़ दिया। इसके बाद परवाणू थाने में जाकर आप बीती सुनाई। 

अभी तक दर्ज नहीं की एफआईआर 
अभिषेक के पिता दिनेश गुप्ता का कहना है कि इतने दिन बीत जाने पर भी पुलिस ने अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की वह एफआईआर की कॉपी लेने परवाणू आए हुए हैं। अब पुलिस कह रही है कि अपने बेटे अभिषेक और दूसरे लड़के को यहां बुलाओ उसी के बाद एफआईआर करेंगे। 
विज्ञापन


मामले की जांच कर रही पुलिस: एसपी
एसपी सोलन अंजुम आरा का कहना है कि एसएचओ परवाणू की ओर से उन्हें इस मामले की जानकारी दी गई है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें