हिमाचल के जिला मंडी की निचला लोट पंचायत में अरुणाचल पुलिस से सेवानिवृत्त एसएचओ ने अपनी ही बंदूक से खुद को गोली मार ली। रविवार दोपहर बाद हुई घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
निचला लोट के बलोह निवासी बीसी शर्मा एक साल पूर्व अरुणाचल पुलिस की नौकरी से बीआरएस लेकर घर वापस आया था। रविवार दोपहर बाद करीब सवा दो बजे उसने अपने मकान के पीछे खेतों में जाकर स्वयं को अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली मार दी।
परिवार के लोग तथा गांव वाले धमाके की आवाज सुनकर मौके की तरफ दौड़े तब तक भीम चंद की मौत हो गई थी।
घर के पिछली तरफ खुद को मारी गोली
भीम चंद ने लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक से गोली कनपटी पर चलाई थी। उसकी खोपड़ी ही अलग हो गई। जिसे देख हर किसी का दिल दहल उठा।
सूचना मिलते ही मंडी सदर थाना से पुलिस की टीम तथा पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे तथा लाश को कब्जे में लेकर हालात का जायजा लिया।
पुलिस के अनुसार दोपहर सवा दो बजे परिवार के लगभग सभी लोग घर पर ही थे। भीम चंद शर्मा ने अपनी बंदूक उठाई और घर के पीछे जाकर गोली चला ली।
सुसाइड नोट में लिखा नहीं निभा पा रहा जिम्मेदारी
मृतक की जेब से अंग्रेजी में लिखा हुआ सुसाइड नोट मिला है। इसमें लिखा है कि मैंने समय से पहले नौकरी से रिटायरमेंट ले ली, मेरी पेंशन का मामला भी सैटल नहीं हुआ।
बच्चों की जिम्मेदारी अभी बहुत है। जिसे मैं पूरी तरह निभा नहीं पा रहा हूं, इसी कारण से तनाव में रह रहा हूं। मैं अपनी बेटी से बहुत प्यार करता हूं।
भगवान से दुआ करता हूं कि मेरे बच्चे तथा परिवार ठीक रहे। मैं जो कदम उठा रहा हूं, वह अपनी मर्जी से उठा रहा हूं, इसके लिए कोई जिमेवार नहीं है।