नाबालिग को बहला फुसलाकर ले जाने और फिर दुराचार करने का आरोपी फरार हो गया। इसे मेडिकल के लिए अस्पताल ले जाया गया था। अस्पताल में चिकित्सक ने इसे मेडिकल से पहले कपड़े उतारने के लिए कहा। इसी दौरान आरोपी चकमा देकर वहां चंपत हो गया। इसके भागने की सूचना मिलते ही पुलिस के हाथ पांव फूल गए। नाकेबंदी कर दी गई। इसे बाद में कांगड़ा बाइपास के पास गिरफ्तार किया गया है। ये यहां किसी से लिफ्ट लेने के चक्कर में था।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक क्षेत्र के निकटवर्ती इलाके की नाबालिग को भगाने के आरोप में पुलिस ने आरोपी अवतार सिंह निवासी फगवाड़ा (पंजाब) को गिरफ्तार किया था। नाबालिग के परिजनों ने 23 जुलाई को इस बाबत पुलिस में शिकायत की थी। । परिजनों का आरोप था कि आरोपी अवतार सिंह उनकी नाबालिग बेटी को बहला फुसलाकर ले गया है। शिकायत के बाद पुलिस अवतार को तलाश कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस को पता चला है कि वो पंजाब में है और नाबालिग भी उसके साथ है। पुलिस ने इसे फगवाड़ा से गिरफ्तार कर लिया। नाबालिग को भी कांगड़ा पहुंचाया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कांगड़ा पुलिस की टीम अस्पताल मेडिकल के लिए गई थी। अंदर चिकित्सक ने आरोपी से मेडिकल के लिए कपड़े उतारने को कहा।
इसी दौरान आरोपी चिकित्सक सहित पुलिस की टीम में धूल झोंककर वहां से फरार हो गया। एएसपी डा. शिव कुमार ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए पूरे शहर की नाकेबंदी कर दी गई थी। इसे देर शाम पकड़ लिया गया।