जनता कॉलोनी में घरेलू कलह के कारण एक पति ने अपनी पत्नी की गले में कैंची घोंपकर निर्मम हत्या कर दी। चेहरे और गले के पास सरिए से कई वार भी किए गए हैं। झगड़े की सूचना पर पत्नी के मामा ने फोन किया तो कहा, मैंने जो करना था, वह कर दिया। अब सारा झंझट ही खत्म हो गया है। शव को चद्दर में बांधा और फरार हो गया।
पुलिस ने मृतका की मां की शिकायत पर आरोपी मदन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश में कई जगह छापामारी के बाद भी पुलिस खाली हाथ है। शुक्रवार रात डेढ़ बजे पुलिस को सूचना मिलती है कि जनता कॉलोनी निवासी पिंकी की हत्या कर दी है। थाना शिवाजी कॉलोनी पुलिस पहुंची तो पिंकी का शव लहूलुहान हालत में पलंग पर पड़ा था।
परिजनों ने बताया कि रात में पिंकी व उसके पति मदन के बीच झगड़ा हुआ था। इसी झगड़े के आवेश में मदन ने उसके गले में कैंची घोंप दी और चेहरे और गर्दन पर ताबड़तोड़ वार किए। इससे पिंकी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने सरिये से भी उसके चेहरे पर कई वार किए हैं।
पिंकी ने किया था मामा को फोन
पूछताछ में सामने आया कि पिंकी ने शुक्रवार रात 12 बजे छिछड़ाना निवासी अपने मामा देवेंद्र को फोन किया था। बताया था कि मदन उसके साथ मारपीट कर रहा है और जान से मारने की बात कह रहा है।
अब जो करना था कर दिया, झंझट खत्म
देवेंद्र ने उसके पति के मोबाइल पर फोन किया और उसे मारपीट न करने की बात कही। इस पर देवेंद्र ने यह कहकर फोन काट दिया कि उसने जो करना था, वह कर दिया, अब सारा झंझट खत्म हो गया है।
देवेंद्र ने मदन को ये भी कहा कि जो हो गया सो हो गया, अब उसे पीजीआई ले जाओ। लेकिन, वह उसे पीजीआई लेकर नहीं गया। देवेंद्र का कहना है कि यदि वह उसे पीजीआई ले जाता तो शायद वह बच जाती।
रात को ही घर पहुंचा मामा
मदन के फोन काटने के बाद अनहोनी की आशंका पर देवेंद्र रात में ही पिंकी के मकान पर पहुंच गया। हालात देखे तो तुरंत पिंकी की मां और पुलिस को सूचित किया। मां रोशनी देवी निवासी इस्माइला बी और थाना शिवाजी कॉलोनी पुलिस मौके पर पहुंची।
मौके पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने रोशनी देवी के बयान पर मदन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शनिवार को पीजीआई में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव वारिसों को सौंप दिया गया।
शव ठिकाने लगाने की थी योजना
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिस हालात में पिंकी का शव चद्दर में बंधा हुआ था, उससे लग रहा है कि मदन शव को ठिकाने लगाना चाहता था। लेकिन शव के भारी होने के कारण वह उसे उठाकर नहीं ले जा सका। इसलिए वह घर के बाहर का कुंडा लगाकर फरार हो गया।
15 साल पहले हुई शादी, शुरु से ही विवाद
बताया जा रहा है कि मदन पेशे से इलैक्ट्रीशियन है। उसका और पिंकी का विवाह 15 वर्ष पहले हुआ था। विवाह के बाद पिंकी को दो लड़के हुए। इनमें एक 11 वर्ष और दूसरा 9 वर्ष का है। शुरू से ही दोनों की नहीं बनी। कई बार पंचायत भी हुईं।
विवाद के कारण ही उनके दोनों बच्चों में से एक अपने मामा और दूसरा अपनी बुआ के घर पर रहता है। मदन काम के सिलसिले में नोएडा रहता था और वहां से ही आता जाता था।
यह कहना है अधिकारी का
‘जनता कॉलोनी में पिंकी नाम की महिला की हत्या की गई है। परिजनों ने उसके पति मदन पर हत्या का आरोप लगाया है। मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव वारिसों को सौंप दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।’
हरनारायण राठी, एसएचओ, थाना शिवाजी कॉलोनी, रोहतक।