ठेकेदारों से 9.44 लाख रुपये वसूलने के दोषी एक्सईएन को कोर्ट ने चार साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। कुल्लू के स्पेशल जज प्रेमपाल रांटा की अदालत ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के एक अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) को चार साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है।
अदालत ने बुधवार को भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत एक मामले में अभियोग साबित होने पर दोषी टेक चंद गुप्ता निवासी रौड़ा सेक्टर बिलासपुर को यह सजा सुनाई है। दोषी को 20 हजार रुपये जुर्माना देने के आदेश भी दिए। जुर्माना अदा न करने पर उसे छह माह की अतिरिक्त सजा काटनी होगी।
विजिलेंस 2009 में उक्त अधिशासी अभियंता को ठेकेदारों से काम की एवज में रुपये वसूलने के आरोप में 9.44 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार किया था। जानकारी के अनुसार 16 दिसंबर, 2009 को विजिलेंस कुल्लू ने गुप्त सूचना पर योजनाबद्ध तरीके से काजा से कुल्लू की तरफ आ रहे एक सरकारी वाहन को तलाशी के लिए मनाली के बाहंग में रोका।