शिमला के साथ लगते मशोबरा में नारी निकेतन बालिका आश्रम से आए दिन लड़कियों के भागने के कारणों का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार ये नाबालिग इस आश्रम में रहना ही नहीं चाहती हैं। आश्रम से वीरवार देर रात भी छह लड़कियां भाग गई थी।
इन्हें सोलन और हरियाणा बॉर्डर से पकड़ा गया। चाइल्ड लाइन की मदद से पुलिस को लड़कियों को पकड़ने में कामयाबी मिली। एएसपी हेडक्वार्टर भजन नेगी खुद टीम के साथ लड़कियों की तलाश में रवाना हुए थे।
बाद में जब ये लड़कियां पकड़ी गई तो इनसे पूछताछ की गई। आश्रम से भागी इन लड़कियों ने आश्रम में पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिलने का आरोप लगाया है। यह लड़कियां पहले भी आश्रम से भागने की कोशिश कर चुकी हैं।