छापेमारी में कई वन्य प्राणियों के अवशेष बरामद किए गए हैं।
- फोटो : अमर उजाला
पीपल फॉर एनिमल दिल्ली की टीम ने हिमाचल के पांवटा के रामपुरघाट स्थित एक फार्म हाउस में दबिश दी। छापेमारी में कई वन्य प्राणियों के अवशेष बरामद किए गए हैं। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस थाने में वन्य जीव प्राणी संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी की ओर से पिपल फॉर एनिमल संस्था को पांवटा में वन्य जीवों के प्रतिबंधित शिकार के बाद अंग तथा अवशेषों की बिक्री की शिकायत मिली थी।
इसके बाद दिल्ली से पीएफए की विशेष टीम पहुंची। टीम की अगुवाई कर रहे ऑफिसर वाइल्ड लाइफ गौरव गुप्ता, एनिमल एक्टिविस्ट पूजा महाजन, पीएसए पानीपत के अध्यक्ष विनोद कुमार तथा गोपाल कृष्ण ने पहले उत्तराखंड तथा हिमाचल में ऐसे संदिग्ध ठिकानों के बारे पुख्ता जानकारी जुटाई।
छापेमारी में बरामद हुई ये सारी चीजें, मुकदमा दर्ज
फार्म हाउस से बारहसिंगा का सिंग, तेंदुए का पंजा, 2 नाखून, कछुए का खोल और तेंदुए के दो दांत बरामद किए गए।
- फोटो : अमर उजाला
मंगलवार दोपहर करीब सवा दो बजे उत्तराखंड की सीमा से लगते पांवटा के रामपुरघाट स्थित एक फार्म हाउस में छापा डाला। फार्म हाउस से बारहसिंगा का सिंग, तेंदुए का पंजा, 2 नाखून, कछुए का खोल और तेंदुए के दो दांत बरामद किए गए।
फार्म हाउस से अमरजीत सिंह उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार कर लिया गया है। पांवटा थाना ले जाकर मामला दर्ज कर लिया गया है। उधर, एसपी सिरमौर सौम्या सांबशिवन से पुष्टि की है। एसपी ने कहा कि पीएफए टीम की तरफ से मामला दर्ज कर लिया गया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।