चरस के साथ पकड़े गए व्यक्ति के घर में तलाशी लेने गई पुलिस और नारकोटिक्स विभाग की टीम पर आरोपी के परिजनों और अन्य लोगों ने हमला करने की कोशिश की। यह घटना बुधवार सुबह हुई। रैहन पुलिस चौकी के तहत गोलबां पंचायत के दरैड़ गांव में नारकोटिक्स विभाग और पुलिस टीम ने एक व्यक्ति से बुधवार सुबह 103.27 ग्राम चरस पकड़ी। पुलिस आरोपी पर काफी समय से नजर रख रही थी।
नारकोटिक्स और पुलिस टीम ने बुधवार सुबह शनि मंदिर हाड़ा के पास नाका लगाया था। रमन कुमार पुत्र विनोद कुमार निवासी दरैड़ ने नाके को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उससे चरस की खेप पकड़ी गई। टीम आरोपी को लेकर जब उसके घर तलाशी लेने पहुंची तो आरोपी के परिजनों और अन्य लोगों ने टीम पर हमला करने की कोशिश की। इनकी संख्या 20 से 25 के बीच बताई जा रही है। नारकोटिक्स विभाग की टीम के के साथ गए मीडिया कर्मी का मोबाइल छीनकर उस पर भी हमला कर दिया गया।
इस बीच, रैहन पुलिस चौकी से सब इंस्पेक्टर हंसराज की अगुवाई में अन्य पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। आरोपी को पकड़कर पूछताछ की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार ये लोग लंबे समय से अवैध रूप से वन विभाग की भूमि पर काबिज होकर इस गोरखधंधे को अंजाम दे रहे हैं। एसआई हंसराज ने कहा कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उधर, डीएसपी नूरपुर साहिल अरोड़ा ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।