हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू में बड़े राजनीतिक दल के नेता और महिला पदाधिकारी की अश्लील वीडियो वायरल करने पर पुलिस ने दस नामजद लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
इस अश्लील वीडियो के वायरल होने के बाद राज्य गुप्तचर विभाग की साइबर क्राइम शाखा और कुल्लू पुलिस ने लोगों से इस तरह के अश्लील वीडियो को वायरल न करने की चेतावनी दी थी। एसपी गौरव सिंह ने केस दर्ज करने की पुष्टि करते हुए कहा कि इस मामले की जांच की जा रही है।
उधर वीडियो वायरल होने पर राजनीतिक दल के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ने सदर थाना कुल्लू में शिकायत दी है। आरोप लगाया है कि अश्लील वीडियो को सोशल मीडिया में अपलोड किया जा रहा है। कुछ शरारती तत्व वरिष्ठ नेताओं के पुराने फोटो इस वीडियो के साथ वायरल कर रहे हैं।
शिकायत में उन्होंने कहा कि इससे पार्टी की छवि खराब हो रही है। युवा वर्ग और नाबालिग बच्चों में गलत संदेश जा रहा है। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।