नवजात बच्ची का शव मिलने से हिमाचल के घुमारवीं में सनसनी फैल गई है। मृतक बच्ची नगर परिषद के कूड़ेदान में एक लिफाफे में बंद कर फेंकी गई थी। घटना की जानकारी वीरवार सुबह 8:30 बजे मिली, जब नप कर्मचारी कूड़ेदान से कूड़ा उठाने पहुंचे।
सूचना मिलते ही डीएसपी घुमारवीं राजेश कुमार भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने नवजात का शव कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। सफाई कर्मी बबलू राणा और किशन थापर ने बताया कि वे जैसे ही राष्ट्रीय उच्च मार्ग 103 पर मीट मार्केट के पास रखे कूड़ेदान से कूड़ा उठाने लगे, तो उन्हें काले रंग का भारी थैला नजर आया।
संदेह होने पर उन्होंने लिफाफे को खोलकर देखा तो उसमें एक नवजात का शव था। डीएसपी राजेश कुमार ने बताया कि नवजात को कब्जे में लेकर उसका सिविल अस्पताल घुमारवीं में पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।