पुजारी को कमरे में बंद कर मूर्ति के आभूषण व अन्य सामान उड़ाकर चोर फरार हो गए। मामला हिमाचल के हमीरपुर जिले का है। पुलिस चौकी जाहू के तहत भलवाणी में स्थित टौणी माता मंदिर के पुजारी को कमरे में बंद कर मूर्ति के आभूषण व अन्य सामान चोर ले उड़े। मंदिर में चोरी करने के बाद चोरों ने वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाहन्वीं में भी सामान बिखेर दिया। यहां चोरों ने सारा रिकॉर्ड बिखेर दिया है, लेकिन कोई सामान हाथ नहीं लगा।
यही नहीं मंदिर से चोरी कर लाए कंबल यहां छोड़ गए। टौणी माता मंदिर के पुजारी सोनी विनायक ने कहा कि रात करीब डेढ़ बजे कुछ लोग नशे में धुत्त होकर आए और कुटिया के दरवाजे को लात मारने लगे। इससे वह घबरा गया। उसके बाद चोरों ने कुटिया का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। उसके बाद मंदिर का ताला तोड़ चोरी की वारदात को अंजाम दिया।