ट्रकों की पार्किंग को लेकर परवाणू सेब मंडी में पुलिस जवान और पल्लेदार (सेब ढोने वाला मजदूर) भिड़ गए। विवाद इतना गहरा गया कि तैश में आकर एक पल्लेदार ने पुलिस जवान के मुंह पर चांटा मार दिया। इतना ही नहीं गुस्साए श्रमिक ने सामने पड़ा डंडा उठाया और पुलिस जवान पर हमला बोल दिया। बीच बचाव में आए लोगों ने पल्लेदार को रोका।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया। मिली जानकारी के अनुसार सेब मंडी में हलका जाम लग गया। इस दौरान यातायात स्थिति बिगड़ती देख वहां नियुक्त रक्षा वाहिनी के पुलिस जवान ने एक ट्रक चालक को गाड़ी आगे ले जाने को कहा, लेकिन ट्रक से सेब की पेटी उतार रहे पल्लेदार ने विरोध जताते हुए बहसबाजी शुरू कर दी।
विवाद सुनकर कई लोग वहां एकत्र हो गए। लिहाजा पल्लेदार और पुलिस में बहसबाजी के बाद अचानक पल्लेदार को गुस्सा आया और देखते ही देखते उसने पुलिस जवान को थप्पड़ दे मारा। इससे पहले की वह संभल पाता पल्लेदार फिर से डंडा लेकर वहां आ पहुंचा व पुलिस जवान पर डंडे से प्रहार करने की कोशिश की।
इसी बीच आसपास के लोगों ने उसे रोका व इसकी सूचना परवाणू थाना को दी। इसके बाद परवाणू थाना की प्रभारी मिनाक्षी शर्मा के नेतृत्व में आई पुलिस टीम ने आरोपी जो कठुआ का रहने वाला है उसे थाने पहुंचाया। उसके खिलाफ पुलिस ने आईपीसी की धारा 353 व 332 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
सरकारी कार्य में पहुंचाई बाधा: चौहान
डीएसपी प्रमोद चौहान ने बताया की पुलिस ने आरोपी पर मारपीट व सरकारी काम में बाधा डालने की कार्रवाई अमल में लाई है। अनुशासनहीनता और दादागिरी किसी सूरत पर बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।