हिमाचल के सोलन शहर में कर्फ्यू के बीच ज्वेलर के शोरूम में काम करने पर मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। दरअसल, पुलिस अपर बाजार में गश्त पर थी। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि शहर के नामी ज्वेलर ने अपना शोरूम खोला है और उसमें अंदर बड़ी तादाद में कर्मचारी काम कर रहे हैं। पुलिस मौके पर पहुंची तो शोरूम के बाहर ताला लगा था।
शोरूम मालिक के बेटे से मोबाइल पर संपर्क किया तो उसने बताया कि वह अपने निजी काम से चंडीगढ़ गया है। इस पर पुलिस ने शोरूम की जांच के लिए ताले की चाबी मंगवाई। इस दौरान एक कर्मचारी दुकान की चाबी लेकर मौके पर पहुंचा। जब शोरूम खुलवाकर चेक किया तो शोरूम के मालिक अंदर बैठे थे और करीब 40 कर्मचारी दुकान की तीनों मंजिलों में काम कर रहे थे। एएसपी सोलन डॉ. शिव कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।