उपमंडल नूरपुर के तहत एक सरकारी तकनीकी प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में 12 प्रशिक्षु छात्रों से यौन शोषण के मामले में पुलिस ने आरोपी प्रशिक्षक शाम सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी प्रशिक्षक को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। डीएसपी नूरपुर डॉ. साहिल अरोड़ा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार पीड़ित छात्रों का मेडिकल करवाया गया है। पीड़ित छात्रों के अलावा पुलिस ने आईटीआई के प्रधानाचार्य और स्टाफ के बयान दर्ज किए हैं। अब मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद इस मामले में आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। विदित रहे कि वीरवार शाम नूरपुर पुलिस ने आईटीआई के प्रशिक्षक शाम सिंह के खिलाफ पोस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था और शनिवार आरोपी को जसूर से गिरफ्तार किया गया।