बंजार के सिंधवा से एक चर्च से पकड़े गए आईएसआईएस एजेंट आबिद खान ने पूछताछ में माना कि वह लोगों को आईएसआईएस विचारधारा से जोड़ने के लिए मोटिवेटर का कार्य करता था। उसने कहा कि हिमाचल में वह धार्मिक स्टडी के लिए आया था। हिमाचल में आईएसआईएस विचारधारा से जोड़ने का कोई काम नहीं किया है।
दिल्ली में पकड़े युवा मेरे ही साथी हैं, लेकिन मैं कभी अराजक गतिविधियों में शामिल नहीं रहा। सोमवार को एसपी कुल्लू पदम चंद और सीआईडी और आईबी ने एजेंट से घंटों पूछताछ की। एजेंट बेहद शातिर है, बयान से जांच प्रभावित न हो, इसके लिए पुलिस एजेंट
की बताई बातों को क्रॉस चेक भी कर रही है। शातिर युवा सभी धर्मों की जानकारी रखता है। पुलिस साथियों से जुड़े तार का पता लगाने की कोशिश भी कर रही है। वहीं, पुलिस ने सिंधवा स्थित चर्च के पादरी को भी पूछताछ के लिए थाना तलब किया है।
युवक से मांगा था करोड़पति का अकाउंट नंबर
इधर, एसपी पदम चंद ने बताया कि एजेंट से कड़ी पूछताछ की जा रही है। एजेंट की कही सभी बातों को वेरिफाई किया जा रहा है। जांच में एजेंट सहयोग कर रहा है। मोबाइल लोकेशन ट्रेस की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार बंजार में रहते हुए एजेंट एक युवक को सीरिया जाने के लिए रुपये की कमी के बारे भी बता चुका है। पैसों के लिए शातिर एजेंट ने युवक से किसी करोड़पति का अकाउंट नंबर तक बताने के लिए कहा, ताकि उसे हैक कर रुपये जुटाए जा सके।
देर रात पहुंचेंगी एनआईए टीम
सूत्रों से पता चला है कि आईएस एजेंट से पूछताछ के लिए एनआईए की टीम कुल्लू के लिए निकल चुकी है। सोमवार देर रात टीम के कुल्लू पहुंचने की उम्मीद है। मंगलवार को एनआईए पूछताछ की सकती है।