पठानकोट एयरबेस पर पुन: आतंकी हमला होने की संभावना के खुफिया इनपुट के चलते पठानकोट एयरबेस को छावनी में तबदील कर तलाशी अभियान जारी है। हिमाचल के बॉर्डर एरिया को भी सील कर दिया गया है।
इस विषय पर डीएसपी नूरपुर नवदीप सिंह ने बताया कि हिमाचल की सीमा को सील कर दिया गया है। कंडवाल बैरियर पर भी कमांडो दस्ता तैनात किया गया है। प्रदेश में प्रवेश करने वाले हर वाहन की गहनता से जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि पुलिस हर तरह की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। पठानकोट एयरबेस पर आतंकी हमले की आशंका की खुफिया सूचना के बाद ऐहतियातन गगल स्थित कांगड़ा एयरपोर्ट की सुरक्षा और बढ़ा दी गई है।
एयरपोर्ट निदेशक परविंद्र तिवारी ने बताया कि एयरपोर्ट पर पहले से ही सुरक्षा चाक-चौबंद है और हाई अलर्ट के बाद समूचे एयरपोर्ट क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। हर वाहन और आने-जाने वाले लोगों की गहन चैकिंग की जा रही है।