शिमला के बसंतपुर की एक ग्राम पंचायत में नाबालिग स्कूली छात्रा के साथ दुराचार का मामला सामने आया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना लगभग डेढ़ महीने पहले की है। चौदह साल की लड़की के साथ जंगल में उसके छोटे चचेरे भाई बहनों के सामने दुराचार किया गया था।
दुराचार के बाद आरोपी ने लड़की को जान से मार देने की धमकी देकर मुंह बंद करने को कहा। लड़की गरीब परिवार से है और उसके पिता मजदूरी का काम करते हैं। आरोपी से डर की वजह से मुंह नहीं खोला।
लेकिन कुछ दिनों बाद छोटे बच्चों के सामने किसी बात को लेकर नेकराम के नाम का जिक्र आया तो बच्चों ने अभिभावकों से कहा कि जंगल में आरोपी नेकराम ने दीदी के साथ दुराचार किया था। यह सुनकर सब दंग रह गए।
पीड़िता की शिकायत के बाद आरोपी गिरफ्तार
इस बारे में जब पीड़िता से पूछा तो उसने पूरी वारदात परिजनों को बताई इसके बाद अभिभावकों की ओर से पुलिस में शिकायत दी गई। बुधवार देर रात मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
वीरवार को पीड़िता का दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल शिमला में मेडिकल करवाया गया। आरोपी को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया। इसे दो जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
पीड़िता के पिता के अनुसार पुलिस में दी तहरीर के मुताबिक बीते 8 मई को उसकी 14 वर्षीय बेटी अपनी पांच और छ: वर्षीय चचेरी बहनों के साथ अपने मवेशियों को चराने के लिए गांव के पास के जंगल में गई थी।
रेप के बाद बच्चियों को दी जान से मारने की धमकी
बच्चियों को अकेला देख नेक राम वहां आ पहुँचा तथा लड़की के साथ दुराचार किया। किसी को भी बताने पर जान से मारने की भी धमकी दी । पुलिस ने मामला दर्ज कर धारा 376, 506 तथा पोक्सो एक्ट (लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम) के तहत मामला दर्ज किया तथा बलात्कार के आरोपी को गिरफ्तार किया।
मामले की पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भजन नेगी ने बताया पीड़िता के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है तथा आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है तथा आगामी कार्रवाई जारी है।