आरट्रेक शिमला के दो सीनियर सैन्य अफसरों के खिलाफ पुलिस कांस्टेबल से मारपीट और गाली-गलौज करने पर एफआईआर दर्ज की गई है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने सेना के दो वरिष्ठतम अफसर एपी सिंह और बाली के खिलाफ आईपीसी की धाराओं में थाना बालूगंज में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में आरक्षी प्रशांत तोमर प्रथम सशस्त्र वाहिनी जुन्गा ने कहा कि मौजूदा समय में वह हेलीपैड सुरक्षा गार्द अनाडेल शिमला में तैनात है।
29 जून को हेलीपैड क्षेत्र में पवन हंस कर्मचारियों जयपाल और मनोज कुमार के साथ संतरी राजवीर से कुछ ही दूरी पर खड़ा था। वहां कुछ लोग गोल्फ खेल रहे थे।
कांस्टेबल को जड़ा थप्पड़, मारपीट भी की
संतरी ड्यूटी पर तैनात आरक्षी राजबीर ने बताया कि गोल्फ खेलने वाले यहां से हटने को कह रहे हैं। लिहाजा, वह वहां से हट गया। पांव में चोट की वजह से धीरे-धीरे चल रहा था, इसी बीच गोल्फ खेलने वाले दो व्यक्ति आए और अभद्र टिप्पणी करते हुए कहा कि तुम्हारे में क्या प्रॉब्लम है।
जल्दी क्यों नहीं जाता यहां से। इस पर मैंने कहा कि ...सर मेरे पांव में चोट है इसलिए मैं धीरे चल रहा हूं। इतनी बात सुनने पर वे भड़क गए और मारपीट शुरू कर दी। गोल्फ स्टिक घुमाते हुए कहा कि टांगें तोड़ देंगे। इसी बीच एक ने थप्पड़ जड़ दिया जबकि दूसरे ने धक्कामुक्की और गाली-गलौज शुरू कर दी।
शिमला शहर में पहली बार सीनियर रैंक के दो सैन्य अफसरों के खिलाफ इस तरह के मामले में एफआईआर की गई है। एएसपी सिटी भजन देव नेगी ने कहा कि कांस्टेबल की शिकायत के आधार पर दो सैन्य अफसरों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में थाना बालूगंज में मुकदमा दर्ज कर आगामी छानबीन अमल में लाई जा रही है।
इस बारे में आरट्रेक के प्रवक्ता ने अमर उजाला से कहा कि एफआईआर में कई बातें बेबुनियाद हैं। जरूरत पड़ी तो ये अफसर भी क्रास एफआईआर दर्ज कराएंगे।