दसवीं की परीक्षा में फेल होने पर एक छात्रा ने घर पर चुनरी से फंदा लगाकर जान दे दी।
- फोटो : Demo pic
दसवीं की परीक्षा में फेल होने पर एक छात्रा ने घर पर चुनरी से फंदा लगाकर जान दे दी। रविवार की यह घटना हिमाचल के कांगड़ा की है। पुलिस थाना इंदौरा के तहत गांव चनौर में शिवानी (18) पुत्री विजय कुमार ने घर के स्टोर में लोहे के एंगल से फंदा लगा लिया।
घटना के वक्त शिवानी के माता-पिता घर से बाहर थे। शिवानी के भाई अंकुश कुमार ने सबसे पहले बहन को फंदे पर लटका देखा। अंकुश की चीख-पुकार सुनकर गांव वाले भी जुट गए, जिन्होंने शिवानी के शव को फंदे से उतारा।
अंकुश ने पुलिस को बयान दिया है कि शिवानी दसवीं में पास न होने की वजह से परेशान थी। अंकुश के अनुसार घटना के वक्त माता-पिता खेतों में गए थे। उसने शिवानी को घर पर ढूंढा तो वह स्टोर में गाडर के साथ चुनरी के सहारे लटकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही इंदौरा पुलिस थाने के एएसआई संतोष कुमार, एएसआई देवानंद शर्मा भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल हास्पिटल नूरपुर भेज दिया।
डीएसपी नूरपुर महिंद्र सिंह मन्हास ने पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। शिवानी ने कोई सुसाइड नोट नहीं लिखा था। लिहाजा, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुट गई है।