अपनी पंसद से शादी करने वाली महिला के साथ पांच युवकों ने सामूहिक दुराचार कर डाला। आरोपियों में कई महिला के नजदीकी रिश्तेदार भी बताए जा रहे हैं। मामला हिमाचल के पांवटा साहिब का है। यहां राजबन क्षेत्र की एक विवाहिता ने पांच युवकों के खिलाफ गैंगरेप का आरोप लगाया है। पीड़िता ने शिकायत में कहा है कि जंगल में ले जाकर आरोपियों ने सामूहिक दुराचार किया।
पीड़िता की दरख्वास्त पर कोर्ट से पुलिस को मामला दर्ज करने के आदेश मिले हैं। पांवटा पुलिस थाने में पीड़िता की शिकायत दर्ज कर ली है। इस मामले के पांच आरोपियों के खिलाफ दुराचार और धमकाने का मामला दर्ज हुआ है। राजबन क्षेत्र की विवाहिता ने शिकायत दर्ज करवाई है। इसमें कहा गया है कि जंबू खाला के एक व्यक्ति से परिजन विवाह करवाना चाहते थे।
महिला ने की थी अपनी पसंद से शादी
मगर उसने अपने पसंद के लड़के से विवाह किया। इसके बाद 13 अगस्त 2015 को आरोपी महिला को जबरदस्ती जंबूखाला जंगल में ले गए। जंगल में आरोपियों ने सामूहिक दुराचार किया। पीड़िता ने आरोपियों में मामू हुसैन पुत्र यूसूफ, जाहिर हुसैन पुत्र निकू, बशीर पुत्र नूरा, जाकर पुत्र कासीम अली तथा रमजान पुत्र यूसूफ निवासी जंबूखाला के खिलाफ सामूहिक दुराचार का आरोप लगाया है।
इन आरोपियों में नजदीकी रिश्तेदार भी बताए जा रहे हैं। उधर, डीएसपी पांवटा भीष्म ठाकुर ने पुष्टि की है। डीएसपी ने बताया कि विवाहित पीड़िता की 156/3 के तहत कोर्ट में दरख्वास्थ के बाद, कोर्ट से पुलिस को मामला दर्ज करने के आदेश मिले है। पांचों आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 376, 506 व 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। सामूहिक दुराचार के आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।