महिला थाना की एसएचओ ओमा ठाकुर ने बताया कि 13 साल की नाबालिग छात्रा मंगलवार रात अपनी सहेली के साथ क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंची, जहां जांच में गैंगरेप की पुष्टि हुई। इसके बाद चिकित्सकों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर नाबालिग के बयान लिए। पुलिस के अनुसार फेसबुक के जरिए छात्रा की दोस्ती एक नाबालिग लड़के से हुई। दोनों के बीच बातचीत होती रही।
इस दौरान नाबालिग लड़का छात्रा से बीते दिसंबर माह से कई बार दुराचार करता रहा। फरवरी अंत में नाबालिग लड़का उसे बहला-फुसलाकर अपने क्वार्टर (किराये के कमरे) में ले गया, जहां उसके रिश्तेदार ने भी दुराचार किया।
छात्रा ने कहा कि वह सिर्फ नाबालिग लड़के को पहचानती है। एएसपी कुल्लू एनएस नेगी ने कहा कि पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपी लगवैली के हैं और आपस में रिश्तेदार हैं। उन्होंने कहा कि आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।