14 जीटीसी छावनी क्षेत्र सुबाथू के पास मिले 50 के पाकिस्तान के नोट की फोरेंसिक जांच होगी। पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए तमाम ठेकेदारों को मजदूरों को पंजीकरण करने के निर्देश दिए हैं। चौकसी कड़ी कर दी गई है। गश्त भी बढ़ा दी गई है।
मंगलवार को स्थानीय पार्षद को पचास रुपये का पाकिस्तान का नोट मिला था। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस समेत सेना के आला अधिकारियों को दी थी। पुलिस ने कई संदिग्धों से भी पूछताछ की है। क्षेत्र में निजी और सरकारी निर्माण कार्य भी जोरों पर है। अधिकांश क्षेत्रों में लेबर बाहर की है।
लिहाजा, पुलिस को अंदेशा है कि यह नोट इन्हीं किसी लेबर का गिरा है। बहरहाल, पुलिस ने सुरक्षा चाक चौबंद करते हुए गश्त तेज कर दी है। डीएसपी परवाणू प्रमोद चौहान ने कहा कि 50 के नोट की फोरेंसिक जांच होगी।
ठेकेदारों को लेबर के पंजीकरण के लिए कहा है। श्रमिकों की पूरी सूचना पुलिस चौकी में देनी होगी। बिना पंजीकरण के लेबर लगाने वाले ठेकेदार का लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा।