बिलासपुर में गढ़शंकर की एक युवती को पैसों से खरीदने और फिर जुखाला के स्योहला में जबरन शादी करवाने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवती ने मामले की शिकायत डीसी बिलासपुर को सौंपी है। जहां से शिकायत को एएसपी बिलासपुर को भेज दिया गया है।
शिकायतकर्ता का मेडिकल करवाया गया है। पुलिस अब जांच कर रही है। जांच के बाद ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस के पास पहुंची शिकायत के अनुसार युवती को पहले पैसे देकर खरीदा गया और फिर स्योहला गांव में जबरन शादी करवाई गई।
शिकायतकर्ता ने खुद को गढ़शंकर की रहने वाली बताया है। उसका पति स्योहला गांव ब्रहमुपखर का रहने वाला है। पीड़िता का आरोप है कि उसे खरीद कर बिलासपुर लाने में पांच महिलाओं व एक पुरुष का हाथ है। उसके ससुराल वाले उसे वहां से खरीद कर यहां ले आए व जबरन अपने बेटे के साथ शादी करवा दी।