दिल्ली के प्रिंसिपल इनकम टैक्स कमिश्नर के नाम पर लोगों को फोन कर पैसा ऐंठने वाले आरोपी को पुलिस ने काबू किया है। पुलिस की एक टीम ने आरोपी को हिमाचल प्रदेश के शिमला के गांव बलदियां से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शहर के कमल अस्पताल के चिकित्सक को फोन कर पैसे ऐंठे थे।
एसीपी नार्थ अमनीत कौंडल व एसएचओ कुलवंत सिंह के अनुसार कमल अस्पताल के अकाउंटेंट मनोज निवासी भोगपुर ने पुलिस को बताया कि 2 नवंबर को अस्पताल की डॉ. कमल गुप्ता को एक व्यक्ति का फोन आया था। फोन करने वाला खुद को दिल्ली का प्रधान इनकम टैक्स कमिश्नर राकेश सूरी बता रहा था।
उसने डॉ. कमल शर्मा को अपने किसी जानकार का बैंक खाता नंबर देकर कहा कि वह उसके खाते में करीब 10 हजार जमा करवा दे। डॉ. कमल गुप्ता ने मनोज को किशनपुरा चौक स्थित पीएनबी बैंक में पैसे जमा करवाने के लिए दे दिए। मनोज का कहना है कि एक बार पैसे डलवाने के बाद उक्त व्यक्ति उसे बार-बार फोन करता रहा।
आरोपी के कहने पर उसने चार बार में करीब 40 हजार उसके बैंक खाते में जमा करवा दिए। शक होने पर उन्होंने खुद जांच की तो पता लगा कि दिल्ली में राकेश सूरी नाम के प्रधान इनकम टैक्स कमिश्नर ने कोई फोन नहीं किया था। एसीपी कौंडल ने बताया कि इसके बाद मैनेजर से खाते में पड़ी नकदी फ्रीज करवा ली।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी के मोबाइल नंबर की जांच शुरू की। इसमें पता चला कि उक्त नंबर उत्तर प्रदेश से जारी हुआ है, जिसका पता फर्जी है। पुलिस ने कॉल डिटेल व लोकेशन ट्रेस के आधार पर आरोपी का पता किया। आरोपी की पहचान राजिंदर निवासी मास्टर तारा सिंह नगर जालंधर के तौर पर हुई है।
फोन लोकेशन पर पता चला कि आरोपी हिमाचल प्रदेश के शिमला में है। आरोपी राजिंदर को गिरफ्तार करने के लिए हिमाचल विशेष टीम भेजी गई। वहां से उसको काबू कर लिया गया। राजिंदर के पास से उसका व एक अन्य व्यक्ति का पासपोर्ट भी मिला है।