2000 रुपए के नकली नोट से आप भी सावधान हो जाएं। बाजार में तेजी से नकली नोटों का धंधा चल रहा है। खुद पुलिस ने इसका खुलासा किया है। हिमाचल के जिला कांगड़ा में ऐसे गिरोह का पता चला है जो नकली नोट सप्लाई कर रहा है।
यहां पपरोला में नकली नोट मिलने के मामले में बैजनाथ पुलिस को एक और सफलता हासिल हुई है। बैजनाथ पुलिस ने मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है जो इन नोटों की सप्लाई में शामिल हैं।
दोनों आरोपियों से पूछताछ के दौरान निशानदेही पर मारंडा रेलवे फाटक के पास कूहल के किनारे से 2 हजार रुपये के 5 नकली नोट पर बरामद किए हैं। सूत्रों की मानें तो आरोपी सन्नी ने रिमांड के दौरान कबूला है कि उसके पास 2 हजार रुपये के नकली नोट बैग में थे।
लेकिन उसने अभी यह नहीं बताया है कि बैग में कितनी मात्रा में नकली नोट थे। साथ ही ये नकली नोट कहां तैयार किए जा रहे हैं और कहां कहां इनकी सप्लाई हो रही है, इसका भी पुलिस पता लगा रही है।