पुलिस अधीक्षक ऊना दिवाकर शर्मा ने मंगलवार रात को पंडोगा पुलिस चौकी का औचक निरीक्षण किया। रात को सिविल ड्रेस में पुलिस चौकी में पहुंचे एसपी को देखकर पुलिस कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने कथित तौर पर शराब के नशे में धुत होकर ड्यूटी दे रहे चौकी इंचार्ज को निलंबित कर दिया है। मंगलवार रात 10.30 बजे एसपी दिवाकर शर्मा ने पुलिस चौकी पंडोगा का औचक निरीक्षण किया।
एसपी ने निरीक्षण के दौरान सब इंस्पेक्टर जीतराम को नशे की हालत में पाया। चौकी प्रभारी को करीब दो बार एल्कोसेंसर से चेक किया गया। एल्कोसेंसर से चेक करने पर 130 मिलीग्राम एल्कोहल पाई गई। पुलिस चौकी में ड्यूटी पर तैनात अन्य पुलिस कर्मियों का भी एल्कोसेंसर से परीक्षण किया गया, जो सामान्य पाए गए। इसके लिए उनकी सराहना की गई। चौकी प्रभारी के शराब के नशे में धुत पाए जाने पर एसपी ने एसएचओ सहित डीएसपी हरोली को भी पर्यवेक्षण और नियंत्रण की कमी पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
गौरतलब है कि कुछ समय पहले एसपी ने लिखित पत्र जारी कर समस्त थाना और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए थे कि ड्यूटी के दौरान कोई भी कर्मचारी शराब के नशे में न पाया जाए। इसके अलावा एसपी रात के समय ऊना, रक्कड़ और जलग्रां में भी नाइट पेट्रोलिंग की। उधर, एसपी दिवाकर शर्मा ने कहा कि ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में धुत पाए जाने पर पंडोगा पुलिस चौकी प्रभारी एसआई जीतराम को निलंबित कर पुलिस लाइन भेज दिया है। पंडोगा पुलिस चौकी प्रभारी की पिछले कुछ दिनों से शिकायतें मिल रहीं थीं। इसके बाद मंगलवार रात को उन्होंने पंडोगा पुलिस चौकी का निरीक्षण किया। इस दौरान चौकी प्रभारी शराब के नशे में धुत पाया गया।